चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

चम्पावत में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती, जनपद को मिले कई विशेषज्ञ डॉक्टर

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में एक छत के नीचे मिलेंगी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं, मरीजों को बाहर जाने की जरूरत होगी कम

चम्पावत। सीमांत जनपद चम्पावत की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने जनपद के विभिन्न चिकित्सालयों में बड़ी संख्या में विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की तैनाती की है। नई नियुक्तियों से विशेष रूप से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर और जिला चिकित्सालय चम्पावत की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को अब कई गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे जनपदों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

Ad Ad

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि शासन द्वारा जनपद में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है। टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में नैनीताल से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बबीता जोशी, एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. विजय कुमार गुप्ता, उधम सिंह नगर से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सतवंत कौर और डॉ. ममता सिंह को नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा नैनीताल से बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर कुमार कन्याल और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निशा रानी भी टनकपुर में अपनी सेवाएं देंगे। वहीं उधम सिंह नगर से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. यदुराज भट्ट तथा चल्थी से महिला चिकित्साधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह की भी तैनाती टनकपुर में की गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक व्यापक बनाने के लिए टनकपुर को चार नए विशेषज्ञ चिकित्सक भी मिले हैं। इनमें हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस माहेश्वरी, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सुकृति त्रिपाठी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा मिश्रा तथा जनरल सर्जन डॉ. गजेंद्र सिंह सोनी शामिल हैं। इन विशेषज्ञों की उपलब्धता से अस्पताल में अधिकांश रोगों का उपचार एक ही छत के नीचे संभव हो सकेगा।

वहीं जिला चिकित्सालय चम्पावत को भी अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिली हैं। नैनीताल से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय जोशी और पैथोलॉजिस्ट डॉ. ममता पांगती की तैनाती की गई है। इसके अलावा उधम सिंह नगर से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नम्रता तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. तनुजा सिंह को चम्पावत भेजा गया है। लोहाघाट से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सोनाली मंडल भी अब जिला चिकित्सालय चम्पावत में अपनी सेवाएं देंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति से सीमांत जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध होगा, रेफरल की संख्या में कमी आएगी और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी बनेंगी। नई तैनातियों के बाद स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि जनपद के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी, जिससे उपचार में होने वाली परेशानी और अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम होगा। सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए यह पहल स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।