चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत पुलिस के तीन अधिकारी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, भावपूर्ण समारोह में दी गई विदाई

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। चम्पावत पुलिस परिवार ने मंगलवार को अपने तीन अनुभवी अधिकारियों को गरिमामयी और भावनात्मक माहौल में सम्मानपूर्वक विदाई दी। पुलिस लाइन चम्पावत में आयोजित समारोह में अधिवर्षता पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे निरीक्षक जितेन्द्र सिंह गर्ब्याल, निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह और अपर उपनिरीक्षक लक्ष्मण चन्द को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने की। इस अवसर पर उन्होंने तीनों अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिन्ह एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट कर उनकी दीर्घकालिक निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और अनुकरणीय सेवाओं के प्रति पूरे पुलिस परिवार की ओर से सम्मान व्यक्त किया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

Ad Ad

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए विभाग की गरिमा को सदैव ऊंचा रखा। उन्होंने कहा कि उनका सरल, सौम्य, मृदुभाषी और शालीन व्यक्तित्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी तीनों अधिकारी पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य बने रहेंगे और अपने अनुभव, मार्गदर्शन एवं सहयोग से विभाग का उत्साहवर्धन करते रहेंगे।

वहीं, सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने पुलिस विभाग में बिताए गए वर्षों की यादों को साझा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने पुलिस परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तीनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएं देकर उनके स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की मंगलकामनाएं कीं। सम्मान, आत्मीयता और भावनात्मक स्मृतियों से ओत-प्रोत इस समारोह ने सभी को भावुक कर दिया।