उत्तराखंड : वेडिंग डेस्टिनेशन के नाम पर श्मशान घाट पर करा दी शादी की जयमाला रस्म, प्रशासन रिजॉर्ट संचालक पर लेगा एक्शन
सरकार कई स्थलों को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रही है, ऐसे में एक श्मशान घाट पर जयमाला रस्म से लोगों में नाराजगी है
उत्तराखंड में वेडिंग डेस्टिनेशन के नाम पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राज्य सरकार जहां एक ओर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए-नए स्थलों को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रही है, वहीं एक रिजॉर्ट संचालक की लापरवाही ने भारी विवाद खड़ा कर दिया है। संचालक ने नियमों और आस्था को ताक पर रखते हुए शादी की मुख्य ‘जयमाला रस्म’ श्मशान घाट के पास ही संपन्न करा दी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रिजॉर्ट संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। तहसीलदार आबिद अली ने कहा कि रिजॉर्ट संचालक से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी। श्मशान घाट में इस तरह की गतिविधि को उन्होंने भी गंभीर माना है।

रिसोर्ट संचालक अपने कारोबार के लिए कुछ भी करने को तैयार दिखाई दे रे हैं। शासन की अनुमति के बगैर ही किसी भी सार्वजनिक स्थल पर वेडिंग डेस्टिनेशन चिह्नित कर विवाह समारोह करा दे रहे हैं। ऐसा ही मामला अल्मोड़ा जिले के मर्चूला से सामने आया है। जहां एक अंत्येष्ठी स्थल पर विवाह की रस्म निभाई गईं। इस पर लोगों ने आक्रोश जताते हुए इसे परंपराओं के प्रति असंवेदनशीलता करार दिया है और अंतिम यात्रा पूरी करने के बाद जहां अंत्येष्ठी की जाती है, वहां पर शादी की रस्म निभाई जाने को पूरी तरह गलत बताया है। नवविवाहत जोड़े के जीवन की नई शुरूआत की इस परंपरा से समारोह जहां चर्चाओं में है, वहीं इसकी जमकर आलोचनाएं भी खूब हो रही हैं।
लोग कह रहे हैं कि पहाड़ में वेडिंग डेस्टिनेशन के नाम पर अब परंपराएं ऐसे तोड़ी जा रही हैं, जिस पर रोक लगनी चाहिए। वहीं तहसीलदार आबिद अली ने कहा कि रिजॉर्ट परिसर से बाहर सार्वजनिक स्थल वह भी श्मशान घाट में इस तरह की गतिविधि पर रिजॉर्ट संचालक से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी। गौर हो कि धामी सरकार प्रदेश को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में लागातार काम कर रही है। देवभूमि उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेडिंग डेस्टिनेशन का नया हब बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। देश का बड़ा वेडिंग डेस्टिनेशन बनने के साथ ही कुछ लोग इस पर पलीता लगाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। जिसकी बानगी सल्ट के मर्चूला में देखने को मिली, यहां रिजॉर्ट संचालक ने अंत्येष्टि स्थल पर शादी की जयमाला रस्म करा दी। जिसे लोग परंपरा पर चोट बता रहे हैं और लोगों में खासी नाराजगी भी है।

