चम्पावत के आईटीबीपी जवान मनोज का जम्मू में ड्यूटी के दौरान निधन, शोक की लहर
चम्पावत। जनपद के पाटी विकासखंड के रमक (भक्त्यूड़ी) गांव के मूल निवासी तथा वर्तमान में ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता में रहने वाले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान सिपाही मनोज अटवाल का जम्मू में ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी हृदयगति रुक गई, जिसके चलते उनका निधन हो गया। इस दुखद समाचार से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में मनोज का परिवार नानकमत्ता में रह रहा है। मनोज अटवाल आईटीबीपी में सिपाही के पद पर तैनात थे और वर्तमान में अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
शहीद मनोज अपने पीछे सात माह के मासूम बेटे सहित भरे पूरे परिवार को रोते बिलखते छोड़ गए हैं। महज 28 वर्ष में वीरगति पाने वाले शहीद मनोज की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। परिवार में दो भाईयों और एक बहन में सबसे बड़े मनोज का पार्थिव शरीर आज मंगलवार को नानकमत्ता के दूरस्थ गांव गंगापुर खत्ता, गिधौर स्थित उनके आवास पहुंचने की संभावना है जहां स्थानीय श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मनोज अटवाल के निधन की खबर फैलते ही चम्पावत, नानकमत्ता और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। सभी ने कहा कि देश की सेवा करते हुए एक युवा जवान का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना राष्ट्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

