लोहाघाट में संवरेगा बेटियों का खेल भविष्य, 257 करोड़ के गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण
फुटबॉल, हॉकी और वॉलीबॉल के मैदान दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य, निर्माण की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट क्षेत्र के छमनिया में निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का काम तेजी से पूरा करने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अभियंताओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
करीब 256 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस स्पोर्ट्स कॉलेज को प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
दिसंबर तक तैयार होंगे तीन खेल मैदान
निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता ने जिलाधिकारी को बताया कि परिसर में फुटबॉल ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड और वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण तेजी से चल रहा है। इन तीनों खेल मैदानों को आगामी दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा छात्रावास, प्रशासनिक भवन, बहुउद्देशीय हॉल, आवासीय क्वार्टर और दर्शक दीर्घा का निर्माण भी जारी है।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।


राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मिलेगा अवसर
गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का उद्देश्य प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और विशेषज्ञ प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। परियोजना पूरी होने के बाद चम्पावत समेत उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, अभियंता और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

