लोनिवि के अनुसचिव ने किया टनकपुर में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए जनपद में विकास कार्य लगातार प्रगति पर हैं। सीएम के अनु सचिव/दिवसाधिकारी सुभाष चंद्र ने नायकगोठ,-खेतखेड़ा,-हनुमानगढ़ी पुल और किरोड़ा नाले के चैनलाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया।

अनु सचिव ने बताया कि टनकपुर के हनुमानगढ़ी में 13.77 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण पूर्ण हो चुकी है। जिससे उचौलीगोठ, गैड़ाखाली और आसपास के ग्रामीणों को राहत मिलेगी। उन्होंने किरोड़ा नाले के चैनलाइजेशन कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को जलभराव और बाढ़ से सुरक्षा, बेहतर जलनिकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने आइएसबीटी का भी निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बाद में अनु सचिव ने विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में बैठक कर मुख्यमंत्री घोषणा के सभी विकास कार्यों की समीक्षा की।

अनु सचिव सुभाष चंद्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गति लाकर इन्हें तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। ‘आदर्श चम्पावत’ के लिए यह प्रयास जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे! इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत एवं विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार भी उपस्थित रहे।
