देहरादून में सड़क हादसे में MDDA के सहायक अभियंता की मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक ने मारी टक्कर
देहरादून। शहर में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के सहायक अभियंता की मौत हो गई। हादसा थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के विधानसभा रोड पर हुआ, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले AE को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार राजीव नगर निवासी राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा MDDA में AE सिविल के पद पर तैनात थे। वह रोज की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए विधानसभा रोड गए थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाइक चालक हिरासत में
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से बाइक सवार युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस बाइक की रफ्तार समेत दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। बाइक सवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

