टनकपुर में 165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, जलभराव से निजात के लिए 86.83 करोड़ की योजना
टनकपुर-बनबसा में ड्रेनेज व्यवस्था सुधरेगी, पूर्णागिरि रोपवे और शारदा कॉरिडोर समेत कई परियोजनाओं पर काम जारी; पांच उत्कृष्ट लाभार्थी सम्मानित
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जिले में 165.68 करोड़ रुपये की लागत की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 16,567.56 लाख रुपये की लागत की 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में आयोजित कार्यक्रम आदर्श चम्पावत के संकल्प और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से जिले में सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी। टनकपुर और बनबसा में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक तथा बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों और जल निकासी व्यवस्था का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखंड-नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम जारी है। कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, बनबसा में करीब 502 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पहाड़ की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। करीब 55.53 करोड़ रुपये की लागत से विज्ञान केंद्र और लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाना है। चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आदर्श चम्पावत की परिकल्पना आदर्श उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उससे आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उपलब्धियां हासिल करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें बस्टिया, टनकपुर निवासी त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, गुदमी, बनबसा निवासी लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, उचोलीगोठ निवासी पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बिचई निवासी रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा गुदमी निवासी आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाकर उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, सुभाष बगौली और मुकेश महराना, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, सदस्य जिला पंचायत बनबसा सरस्वती चन्द, मुख्यमंत्री विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार और प्रकाश तिवारी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडेय, जिला महामंत्री पूरन माहरा और मुकेश कलखुडिया, सुनीता मुरारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष मुवश्शीर अली गोलू, मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट और तुलसी कुँवर, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार सहित ग्राम प्रधान भरत प्रसाद, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी और एसडीएम पूर्णागिरि प्रमोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

