टनकपुर-बनबसा में जलभराव से निजात की पहल, 86.83 करोड़ की ड्रेनेज योजनाओं का शिलान्यास
सड़कों से मंदिरों तक विकास का विस्तार, चम्पावत में 54 योजनाओं को मिली गति
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत और लोहाघाट विधानसभा क्षेत्रों को 165.67 करोड़ रुपये की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में 20.28 करोड़ रुपये की 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 145.38 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। विकास योजनाओं में टनकपुर-बनबसा की जलभराव समस्या के समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी परियोजनाएं, सड़क सुधारीकरण, पुल निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास कार्य शामिल हैं।

जलभराव से राहत के लिए 86.83 करोड़ की योजनाएं
टनकपुर और बनबसा में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए टनकपुर में 65.68 करोड़ रुपये तथा बनबसा में 21.14 करोड़ रुपये की जल निकासी योजनाओं का शिलान्यास किया गया। दोनों योजनाओं की कुल लागत 86.83 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं से दोनों नगर क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
सड़क और पुल निर्माण को मिलेगी गति
जिले में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए लोहाघाट-बाराकोट-सिमलखेत-काफलीखान-भनोली मोटर मार्ग सहित कई सड़क सुधारीकरण और पुनर्निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। रीठा-रमक मोटर मार्ग के 20 किलोमीटर हिस्से का नवीनीकरण, सूखीढांग-श्यामलाताल-कांडा मार्ग का सुधारीकरण, बनगड़ी भुमेश्वर से डुगलानी तोक तक सड़क, गौड़ी मिलान व लमकनिया मोटर मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स और बूढाखेत-अमकड़िया मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य शामिल हैं।
मैरोली-कैरोली मोटर मार्ग के किमी दो में रतिया नदी पर 30 मीटर स्पान पुल निर्माण की योजना भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा ढोलीगांव-पारस-रिखोली, छमनिया चौड़-सातखाल, बर्दाखान-बिसराड़ी-आली और क्वारखोली-पम्दा सहित विभिन्न मोटर मार्गों के सुधारीकरण कार्यों को भी गति मिलेगी।
पूर्णागिरि, मंदिरों और पर्यटन स्थलों का विकास
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में सेलागाड़ में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन निर्माण, फोर्ती के मंदिरों के सौंदर्यीकरण तथा जिले के विभिन्न मंदिरों और मेला स्थलों के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
जिला पंचायत के माध्यम से झूमाधुरी, बरदायिनी, भूमिया, चमू चौखाम बाबा, अखिलतारिणी, कैलपाल, आदित्य महादेव सहित कई मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य किए जाएंगे। पुनौली गोगना में ब्रह्मचारिणी मेला स्थल, ठांटा में दुधाधारी भगवती मेला स्थल तथा घुरचुम में द्योली मेला स्थल के विकास कार्य भी योजनाओं में शामिल हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण सुविधाओं का विस्तार
राजकीय इंटर कॉलेज मडलक में आठ कक्षा कक्षों का निर्माण, किमतोली में सामुदायिक भवन और दिगालीचौड़ में पोल्ट्री मदर प्लांट की स्थापना की जाएगी। टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण भी प्रस्तावित है।
लोकार्पित योजनाओं में लोहाघाट के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में मिनी खेल मैदान, बनबसा पुलिस थाने का नवीन प्रशासनिक भवन, लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट एवं शल्य चिकित्सा कक्ष, ट्रॉमा सेंटर टनकपुर का मरम्मत कार्य और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट में चिकित्साधिकारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल शामिल हैं।
20.28 करोड़ की 21 योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 20.28 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 21 योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें सड़क सुधारीकरण, पूर्णागिरि मंदिर घाटी क्षेत्र चूका में हैलीपैड, ताड़केश्वर मंदिर सौंदर्यीकरण, मानेश्वर पर्यटन अवस्थापना विकास, गैडाख्याली नंबर-1 बाढ़ सुरक्षा योजना, पंचायत भवन, पुलिस प्रशासनिक भवन, स्वास्थ्य सुविधाओं और विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं।
33 योजनाओं के शिलान्यास के साथ जिले में विकास कार्यों के नए चरण की शुरुआत की गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य चम्पावत और लोहाघाट क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

