क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट के जूते की माला कांड में पुलिस ने तीन और फरार अभियुक्त दबोचे, एक की तलाश जारी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। लोहाघाट के चर्चित जूते की माला कांड में चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पीड़ित का छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। सोशल मीडिया पर टैक्सी चालक के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार, जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल फोन छीनने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन में थाना लोहाघाट व एसओजी (SOG) की एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन दबिश अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मामले में फरार चल रहे 3 और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पीड़ित टैक्सी चालक का छीना गया OPPO कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें कुछ लोगों द्वारा एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देते हुए उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और पूर्व में नामजद अभियुक्त हरीश सिंह बोहरा को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब दिनांक 15 जून 2026 को थाना लोहाघाट व SOG पुलिस टीम ने लगातार किए गए प्रयासों के बाद दो नामजद अभियुक्त वीरेंद्र सिंह बोहरा, उम्र 39 वर्ष, पुत्र लोक सिंह बोहरा, निवासी ग्राम दुबड़ जैनल, थाना तामली को दिगालीचौड़ क्षेत्र, कोतवाली पंचेश्वर से और मोहन चंद, पुत्र कुरी चंद, निवासी ग्राम पासम, चौकी रौसाल, थाना पंचेश्वर को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मामले में प्रकाश में आए तीसरे अभियुक्त कमल राम, उम्र 36 वर्ष, पुत्र डुंगर राम, निवासी ग्राम डूंगरा बोहरा, कोतवाली पंचेश्वर को लोहाघाट बाजार से गिरफ्तार किया गया। कमल राम के कब्जे से ही पीड़ित का छीना गया OPPO फोन बरामद हुआ है।

Ad Ad

पुलिस ने बताया कि शेष एक अन्य फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली घटनाओं पर पुलिस की सतत नजर है। किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, अपराध अथवा कानून को अपने हाथ में लेने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कानून का सम्मान करें, अफवाहों से बचें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक लोहाघाट अशोक कुमार सिंह और SOG प्रभारी चम्पावत कमलेश भट्ट के नेतृत्व में उ0नि0 कुन्दन सिंह बोरा, उ0नि0 प्रकाश चन्द्र भट्ट, उ0नि0 सोनिका जोशी, अपर उ0नि0 लाल सिंह, का0 राजकुमार, का0 ललित श्रीवास्तव, का0 ललित चौधरी और का0 सूरज कुमार की टीम ने अंजाम दिया।