नैनीताल में बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा की मौत, पड़ताल में जुटी पुलिस

नैनीताल। शहर के स्टाफ हाउस क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, यहां बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा (उम्र 20) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की पड़ताल तेज कर दी है। वहीं घटना के मृतक छात्रा के परिवार में मातम छाया हुआ है।

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के मल्लीताल के स्टाफ हाउस क्षेत्र सात नम्बर निवासी 20 वर्षीय सिमरन आर्या डीएसबी की छात्रा थी। सिमरन बीएससी तृतीय वर्ष में अध्ययनरत थी, जिसने बीते सोमवार की देर रात करीब दो ढाई बजे के आस पास आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जान ली है।
बताया जा रहा है कि सिमरन अपनी मां दो भाईयो और दादी के साथ रहती थी। घटना के समय सिमरन दादी के साथ कमरे में थी, तभी जैसे ही दादी सो गई तो सिमरन ने चुन्नी को फांसी का फंदा बनाया और उस पर लटक गई। जैसे ही घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह परिजनों को मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटी को फंदे में लटका देख परिजनों को गहरा सदमा लगा ,जिससे उनकी चीख पुकार मच गई। शोर सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े जिन्होंने घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर घटनास्थल पहुंची जिन्होंने मृतका के शव को कब्जे में लिया है। बहरहाल प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं लेकिन परिजनों से पुलिस प्रशासन की टीम लगातार पूछताछ कर रही है।
कोतवाल हेम चन्द्र पंत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा सकें। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, साथ ही छात्रा के मोबाइल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा। छात्रा नैनीताल के डीएसबी परिसर से बीएससी कर रही थी। बताया जा रहा है कि छात्रा डिप्रेशन में थी और छात्रा ने 12वीं की परीक्षाओं में अपने स्कूल में टॉप किया था।

