झूलाघाट मार्ग पर बारात से लौट रही जीप गहरी खाई में गिरी, एक युवक की मौत, तीन घायल

पिथौरागढ़। जनपद के मूनाकोट-झूलाघाट मार्ग पर आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बूरा गांव के समीप एक कमांडर जीप अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी सवार एक विवाह समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार प्रातः लगभग 04:35 बजे जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि मूनाकोट वड्डा से 12 किमी आगे झूलाघाट की ओर एक वाहन (कमांडर जीप संख्या DI UA05 5382) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की रेस्क्यू टीम मुख्य आरक्षी प्रवेश नगरकोटी के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के पहुंचने से पहले ही स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए तीन घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया था। वाहन में सवार चौथे व्यक्ति लक्की भंडारी (22 वर्ष) पुत्र चंचल भंडारी, निवासी कोटभाल्डे की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। एसडीआरएफ टीम ने अत्यंत दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मृतक के शव को स्ट्रेचर के माध्यम से 150 मीटर गहरी खाई से बाहर निकाला और वैधानिक कार्यवाही के लिए स्थानीय पुलिस को सौंपा। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घायलों में जगदीश बिष्ट (40) निवासी बासौद मैनन, मोहन बिष्ट (40) निवासी बासौद व सचिन चंद (22) निवासी मुनकोट शामिल हैं। पुलिस प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है।


