चम्पावत का कथित नाबालिग गैंगरेप केस में तेज हुई सियासत, बीजेपी कांग्रेस में घमासान, एक दूसरे पर लगा रहे आरोपों की झड़ी

देहरादून। चम्पावत कथित नाबालिग गैंगरेप केस को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने धामी सरकार सरकार पर हमला बोला है। वहीं, बीजेपी की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने इस प्रकरण को कांग्रेस पर सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने कहा भाजपा संगठन व सरकार की छवि खराब करने की ये कोशिश है।

चम्पावत से वापस लौटी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा जिस तरह से पूरा घटनाक्रम सामने आया है, उसको लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। पहले जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया आखिर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? उन्होंने कहा दुष्कर्म प्रकरण को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। ज्योति रौतेला ने कहा उत्तराखंड में जहां-जहां महिलाओं के खिलाफ जघन्य मामले सामने आ रहे हैं वहां अधिकतर अपराधों में भाजपा नेताओं के नाम जुड़ रहे हैं, जो बहुत चिंताजनक हैं। उन्होंने हरिद्वार की भाजपा नेत्री अनामिका और नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा के मामलों का जिक्र किया।
ज्योति रौतेला ने कहा अंकिता भंडारी प्रकरण में भी भाजपा और सत्ता से जुड़े लोगों के नाम सामने आए थे, लेकिन आज तक सीबीआई जांच की वास्तविक प्रगति जनता के सामने नहीं आई है। चम्पावत प्रकरण को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन से कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा आखिर पीड़िता और उसके पिता 48 घंटे तक कहां थे? पीड़िता को दो दिन में दो बार मजिस्ट्रेट के सामने क्यों पेश किया गया? अगर पीड़ित पक्ष ने साजिश रची तो पुलिस ने क्या पीड़िता के पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है? उन्होंने सवाल उठाया की बरामदगी के समय पीड़िता के हाथ बंधे होने की बात अगर सत्य है तो उसे किस समय खोला गया?

वहीं भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा शुरुआती पुलिस जांच और पीड़िता के बयानों से स्पष्ट हो गया है कि पूरे मामले को बदले की भावना और राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से खड़ा किया गया। दीप्ति रावत ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कांग्रेस नेता आनंद मेहरा का नाम सामने आ रहा है। वह लगातार अपने बयान बदल रहे हैं। उन्होंने कहा चुनावी महत्वाकांक्षा के चलते भाजपा कार्यकर्ता को झूठे और गंभीर आरोपों में फंसाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कांग्रेस बिना तथ्यों के भाजपा और सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कांग्रेस महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर गैर जिम्मेदाराना और शर्मनाक राजनीति कर रही है। दीप्ति रावत ने कहा एक महिला होने के नाते उन्हें अपने प्रदेश नेतृत्व के महिला विरोधी आचरण की निंदा करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनवरी में कांग्रेस नेता तिलक राज बेहड़ के बेटे पर हुए कथित हमले के मामले में भी भाजपा सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा भाजपा विधायक अरविंद पांडे के नाम से वायरल फर्जी पत्र को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता कर भाजपा को घेरने की कोशिश की थी।

