चम्पावत: विश्व रेडक्रॉस दिवस पर मानव सेवा का संदेश, जिला चिकित्सालय में सम्मानित हुई ब्लड बैंक टीम

चम्पावत। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला चिकित्सालय चम्पावत में भारतीय रेडक्रॉस समिति की ओर से गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सदस्यों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा मानव सेवा, रक्तदान और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। गोष्ठी में मुख्य अतिथि दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय रहे और अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके जोशी ने की। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस हायंकी भी मौजूद रहे। संचालन रेडक्रॉस समिति के कोषाध्यक्ष प्रेम बल्लभ भट्ट ने किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रेडक्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता और सेवा का वैश्विक प्रतीक है। जरूरतमंदों की सहायता, आपदा के समय सहयोग और रक्तदान जैसे कार्य समाज को नई दिशा देते हैं। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए रेडक्रॉस समिति द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. सिद्धार्थ त्यागी, उमेश सिंह बसेड़ा, मनोज सिंह मेहता, मेघा तिवारी, सुरेंद्र कुमार गुप्ता, जीवन सिंह थापा, सपना खम्पा, हरीश पांडे और कमला अधिकारी शामिल रहे।
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर चार स्वयंसेवकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश भी दिया। रक्तदान करने वालों में अनुष्का गुप्ता, सावित्री राय और रमेश भट्ट प्रमुख रहे। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि ‘मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और रेडक्रॉस समिति इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।’

