चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट : सड़क पर गिरे बोल्डर को हटाने में छूटे लोनिवि के पसीने!

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट-पंचेश्वर मार्ग पर भारी बोल्डर आने से करीब 12 घंटे बाधित रहा यातायात

लोहाघाट/चम्पावत। सीमांत लोहाघाट-पंचेश्वर सड़क पर सोमवार सुबह लगभग 5:00 बजे बमनकुड़ा के पास अचानक भारी भूस्खलन हो गया। इस दौरान पहाड़ी से एक विशालकाय बोल्डर गिरकर बीच सड़क पर आ गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और दोनों ओर कई वाहन फंस गए। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (लोनवि) लोहाघाट के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल के निर्देश पर तुरंत एक जेसीबी मशीन को सड़क खोलने के लिए मौके पर भेजा गया। हालांकि, बोल्डर अत्यधिक भारी होने के कारण जेसीबी मशीन उसे हटाने में नाकाम साबित हुई। इसके बाद विभाग द्वारा मौके पर एक ब्रेकर मशीन भेजी गई, लेकिन बोल्डर टस से मस नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए विभाग ने तत्काल दूसरी ब्रेकर मशीन मौके पर रवाना की। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों ब्रेकर व एक जेसीबी मशीन की मदद से विशालकाय बोल्डर को किसी तरह धकेल कर सड़क के किनारे किया गया।

Ad Ad

अधिशासी अभियंता कांडपाल ने बताया कि सड़क बंद रहने के दौरान यातायात को निडिल सड़क से डायवर्ट किया गया था ताकि यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो। आखिरकार शाम लगभग 5:00 बजे, करीब 12 घंटे की भारी मशक्कत के बाद, मार्ग को यातायात के लिए सुचारू किया जा सका, जिसके बाद वहां फंसे लोगों और स्थानीय यात्रियों ने राहत की सांस ली।