चंपावतनवीनतमबनबसा

भारत-नेपाल सीमा पर एसपी रेखा यादव का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश

ख़बर शेयर करें -

बनबसा/चम्पावत। जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सीमा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने सोमवार को बनबसा स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा, शारदा बैराज एवं इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के सत्यापन, दस्तावेजों की जांच तथा चेकिंग प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Ad Ad

एसपी रेखा यादव ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता और निरंतर निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए, प्रत्येक आगंतुक का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, सजगता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।