चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मस्थली के सम्मान की मांग पर खेतीखान में सांकेतिक धरना छठे दिन भी जारी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत जिले के खेतीखान स्थित इंदिरा पार्क में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली पर प्रस्तावित स्मृति स्थल के लिए स्वीकृत धनराशि को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों का धरना छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि लिखित कार्रवाई होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

खेतीखान/चम्पावत। चम्पावत जिले के खेतीखान स्थित इंदिरा पार्क में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली पर बनने वाले स्मृति स्थल के लिए स्वीकृत धनराशि को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के विरोध में चल रहा सांकेतिक धरना बुधवार को छठे दिन भी शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। आंदोलन में क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपना समर्थन जताया।

Ad Ad

धरना स्थल पर भाजपा के प्रदेश कार्यकारी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता सतीश पांडेय पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता के बाद आंदोलनकारियों से आश्वासन के आधार पर धरना स्थगित करने का आग्रह किया। हालांकि धरना स्थल पर मौजूद वरिष्ठजनों और क्षेत्रवासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक प्रशासन की ओर से ठोस और लिखित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में क्षेत्र की मातृशक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। विशेष रूप से 90 वर्षीय तुलसी देवी और 85 वर्षीय गंगा देवी की उपस्थिति ने आंदोलनकारियों का उत्साह बढ़ाया। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्य ममता ओली (गोसनी), कुसुम लता ओली, सावित्री भट्ट, रमा देवी, लक्ष्मी देवी, सुधा देवी और रेखा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया।

आंदोलनकारियों ने मांग की कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली के सम्मान और विकास के लिए स्वीकृत धनराशि को पुनः उसी उद्देश्य के लिए उपलब्ध कराया जाए तथा स्मृति स्थल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए। धरना दे रहे लोगों व जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और जनहित में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान, क्षेत्र की अस्मिता और जनभावनाओं की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा जनआंदोलन है।