चम्पावत में स्कूल अवकाश का वायरल आदेश फर्जी, जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी
चम्पावत में सोशल मीडिया पर विद्यालयों में अवकाश को लेकर वायरल हो रहा कथित आदेश पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। जिला प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक आदेशों पर ही भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
चम्पावत। जनपद चम्पावत में सोशल मीडिया, विशेषकर फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर विद्यालयों में अवकाश संबंधी एक कथित आदेश तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश पूरी तरह फर्जी, भ्रामक और निराधार है।
प्रशासन ने बताया कि विद्यालयों में अवकाश अथवा किसी भी प्रकार के प्रशासनिक आदेश केवल सक्षम प्राधिकारी द्वारा विधिवत जारी किए जाते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर प्रसारित अप्रमाणित संदेशों या फर्जी आदेशों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सूचना की पुष्टि केवल जिला प्रशासन चम्पावत के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या संबंधित विभाग द्वारा जारी अधिकृत आदेशों से ही करें।
प्रशासन ने कहा कि भ्रामक और फर्जी सूचनाओं का प्रसार न केवल भ्रम की स्थिति पैदा करता है, बल्कि इससे आमजन को अनावश्यक परेशानी भी हो सकती है। इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।


