टनकपुर : लावारिस पशु से स्कूटी टकराई, शिक्षिका और पुत्री गंभीर घायल


टनकपुर/चम्पावत। सड़क पर घूमते लावारिस पशु आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। शुक्रवार को भी इस वजह से एक हादसा हो गया। एक शिक्षिका की स्कूटी लावारिस पशु से टकरा गई। हादसे में शिक्षिका और उसकी पुत्री गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। दोनों का उप जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के मुताबिक ब्लू माउंटेन स्कूल की शिक्षिका वन्दना चौहान (35) पत्नी सोनू चौहान स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी आठ वर्षीया पुत्री सावनी के साथ स्कूटी में घर जा रही थीं। टनकपुर-बनबसा हाइवे पर उनकी स्कूटी अचानक से सड़क पर आए लावारिस पशु से टकरा गई। हादसे में शिक्षिका और उसकी पुत्री बुरी तरह चोटिल हो गए। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने दोनों को फौरन अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर मानवेन्द्र शुक्ला ने बताया कि शिक्षिका के सिर और पांव में गंभीर चोट है, जबकि उसकी पुत्री के हाथ की कोहनियों और जांघ में चोट आई है।


