बनबसा में नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में गरमाया माहौल, विभिन्न संगठनों ने थाने का घेराव कर की कार्रवाई की मांग
बनबसा/चम्पावत। बनबसा में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक मुशर्रफ के पक्ष द्वारा पीड़ित परिवार पर समझौते के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष को डराने-धमकाने और उन पर दबाव डालने के विरोध में आज लगातार दूसरे दिन 16 जून को स्थानीय युवाओं और महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और महिला मंगल दल जैसे विभिन्न सामाजिक और हिंदू संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने बनबसा थाने पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की। हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष निर्मल थ्वाल के नेतृत्व में आक्रोशित लोगों ने बनबसा थाने के बाहर एकत्र होकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार पर किसी भी प्रकार का मानसिक या सामाजिक दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाने का घेराव करने से पहले बनबसा क्षेत्र में एक विशाल जुलूस निकाला गया। इस जुलूस और प्रदर्शन में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रेमा वर्मा, रेनू चंद, कलावती, पुष्पा, विमला सजवान, पुष्पा पुजारा, भागीरथी, सैलजा, रेनू जोशी, ज्योति कापड़ी, गीता बिष्ट, गीता थपलियाल, हेमा जोशी और सुनीता जोशी सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों के आक्रोश को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को समझा और लोगों को निष्पक्ष जांच व पूर्ण इंसाफ का भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी मुशर्रफ के खिलाफ पहले ही पॉक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और वह वर्तमान में जेल में बंद है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा और न्याय मिलेगा।

