चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में तीन साल बाद लौटेगा गोलज्यू महोत्सव का उल्लास, मुख्यमंत्री धामी करेंगे भव्य शुभारंभ

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। भगवान गोल्ज्यू की पावन भूमि चम्पावत एक बार फिर आस्था और उत्सव के रंगों में सराबोर होने के लिए तैयार है। तीन साल के लंबे अंतराल के बाद नगर में ‘गोल्ज्यू महोत्सव’ की वापसी हो रही है, जिसे लेकर स्थानीय जनता और व्यापारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। 4 मई से शुरू होने वाला यह 10 दिवसीय भव्य महोत्सव न केवल सांस्कृतिक विरासत को संजोएगा, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन और व्यापार को भी नई गति देगा।

महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ 4 मई को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर नगर की महिलाओं द्वारा एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो महोत्सव को आध्यात्मिक और पारंपरिक स्वरूप प्रदान करेगी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्वागत और उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ऐतिहासिक गोरल मैदान इस 10 दिवसीय आयोजन का मुख्य केंद्र होगा। दिन के समय मैदान में विभिन्न राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश से आए व्यापारियों के स्टॉल और आकर्षक झूले लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और छोटे व्यापारियों को बड़ा मंच मिलने की उम्मीद है।

Ad Ad

महोत्सव के दौरान हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं, रात 8 बजे से शुरू होने वाली ‘स्टार नाइट’ में देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी गायकी और कला से समां बांधेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने कहा कि बीच में महोत्सव की निरंतरता टूटने से लोगों में मायूसी थी, जिसे देखते हुए इस बार जनसहयोग और जनप्रतिनिधियों के परामर्श से इसे पहले से भी भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी नगरवासियों से इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।

Ad Ad