उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

सड़क किनारे पति-पत्नी के शव मिलने से मचा हड़कंप, वाहन की टक्कर से मौत की आशंका

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में बिंदुखेड़ा-सिडकुल से दानपुर रोड जाने वाली रिंग रोड के किनारे पति-पत्नी के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों सोमवार शाम खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे। देर रात दोनों के शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। प्रथम दृष्टया पुलिस सड़क हादसे की आशंका जता रही है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान संतोष यादव और उनकी पत्नी सुनीता यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों सोमवार शाम खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले थे। रात करीब आठ बजे बिंदुखेड़ा से सिडकुल होते हुए दानपुर रोड की ओर जाने वाली रिंग रोड के किनारे दोनों के शव मिले।

Ad Ad

सड़क किनारे मिले शव, वाहन के टूटे पार्ट्स भी मिले

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मारी होगी। घटनास्थल के आसपास वाहन के कुछ टूटे हुए पार्ट्स मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे हादसे की आशंका को बल मिल रहा है। हालांकि, टक्कर किस वाहन से हुई और घटना के समय वास्तव में क्या हुआ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वास्तविक वजह और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटना में शामिल वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मामले की जांच सड़क हादसे के एंगल से की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है।