जनता मिलन में 100 शिकायतें पहुंचीं, 13 लाभार्थियों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, जनसुनवाई एवं त्वरित समस्या निस्तारण के निर्देशों के क्रम में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। इस दौरान अधिकांश प्रकरणों के मौके पर ही निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 100 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें रोजगार, किसान सम्मान निधि, सड़क, पेयजल, भूमि, बकरी पालन, आर्थिक सहायता, सुरक्षा दीवार, राशन कार्ड, गोशाला निर्माण, नाली एवं स्क्रबर सफाई, चैनलिंग फेंसिंग, सोलर स्ट्रीट लाइट और पूर्ति विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रहे।



जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
जनता मिलन के दौरान 13 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सका। जिलाधिकारी ने कहा कि जनकल्याण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
पेयजल, सड़क और आर्थिक सहायता के मामले पहुंचे
तलियाबांज पूर्णागिरि निवासी ईश्वरी दत्त जोशी ने पेयजल आपूर्ति एवं मार्ग निर्माण की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पेयजल निगम को शीघ्र पेयजल लाइन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम गोसनी ओलीगांव निवासी नवीन चन्द्र चतुर्वेदी ने बारिश के पानी से मकान एवं भूमि को हुए नुकसान की शिकायत की। खर्ककार्की निवासी निर्मल खर्कवाल ने आंगन की क्षतिग्रस्त दीवार का मामला उठाया, जिस पर लोनिवि लोहाघाट को नाली, स्क्रबर एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
लफड़ा कोट जमराड़ी निवासी बवीता देवी ने आजीविका के लिए आर्थिक सहायता मांगी। जिलाधिकारी ने रीप को अल्ट्रा पूअर योजना तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को बकरी पालन योजना के माध्यम से लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
खेतीखान निवासी किशोर सिंह ने दिव्यांगता पेंशन, तल्ला बापरू बाराकोट निवासी हेमा देवी ने राशन कार्ड, ग्राम पल्सों निवासी रमेश चन्द्र जोशी ने पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त तथा चूला गांव निवासी नेहा भट्ट ने कन्याधन योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, पूर्ति एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
सड़क, नाली और मूलभूत सुविधाओं पर भी कार्रवाई के निर्देश
कनलगांव निवासी गिरीश चन्द्र जोशी ने भवन सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण, खुनाबोरा निवासी सुरेश सिंह ने आधार कार्ड में नाम संशोधन तथा मंगोली लोहाघाट के ग्रामीणों ने खराब सौर ऊर्जा मशीन को दुरुस्त कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
फुलारागांव निवासी मेघनाथ गोस्वामी एवं मजपीपल मडलक निवासी कै. रघुवर सिंह ने मार्ग निर्माण, तल्ली चौकी निवासी गजेन्द्र सिंह बोहरा ने सार्वजनिक नाली को सुचारू करने तथा सेलपेडू मडलक निवासी मदन सिंह सामंत ने हर घर जल योजना से संबंधित समस्या रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
प्राथमिक विद्यालय रूईया के भवन जीर्णोद्धार एवं चाहरदीवारी निर्माण, बनबसा निवासी मो. एजाज खां की भूमि सीमांकन, अर्नपा तिमला देवीधुरा निवासी दिनेश चन्द्र जोशी के उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी प्रमाण पत्र तथा हरम रमेला निवासी हेमा महर और चैकुनी बोरा निवासी गीता देवी के बकरी पालन योजना से संबंधित मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा लड़ाबोरा चम्पावत के ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज अमोड़ी तक विद्यावाहिनी वाहन संचालन, कोट अमोड़ी की क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रीति भट्ट ने दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त गूलों की मरम्मत, छीनीगोठ टनकपुर के प्रधान इन्द्रदेव विश्वकर्मा ने क्षतिग्रस्त सीसी रोड निर्माण, चौड़ामेहता पाटी निवासी दलीप सिंह ने फसल सुरक्षा के लिए चैनल फेंसिंग तथा अमोड़ी निवासी गोविन्द बल्लभ ने विद्यालय की मरम्मत की मांग रखी। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी चम्पावत विपिन चंद्र पंत, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विमी जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि चम्पावत मोहन पलड़िया, लोहाघाट के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

