चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

स्वाला डेंजर जोन में मलबा गिरने से थमा ट्रैफिक, एनएच-09 पर 40 मिनट बाधित रहा आवागमन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। सोमवार को हुई लगातार बारिश ने जनपद चम्पावत में जनजीवन प्रभावित कर दिया। टनकपुर–पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-09) पर डेंजर जोन स्वाला के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने के कारण करीब 40 मिनट तक यातायात बाधित रहा। वहीं टनकपुर–जौलजीबी (टीजे) मोटर मार्ग पर चरण पादुका मंदिर सहित कई स्थानों पर बोल्डर और मलबा आने से लगभग पांच घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।

दोपहर करीब 3:30 बजे स्वाला के समीप पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे टनकपुर और पिथौरागढ़ दोनों ओर से आ रहे सैकड़ों वाहन सड़क पर फंस गए और लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि स्वाला के पास करीब एक घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही, जिससे यात्रा प्रभावित हुई। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। शाम करीब 4:30 बजे सड़क से मलबा हटाकर यातायात को पुनः सुचारू कर दिया गया। एनएच खंड के सहायक अभियंता एम.सी. टम्टा ने बताया है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया था, जिसे समय रहते हटाकर मार्ग खोल दिया गया।

Ad Ad

उधर, मैदानी क्षेत्र टनकपुर में सुबह से जारी बारिश का असर टनकपुर–जौलजीबी मोटर मार्ग पर भी देखने को मिला। चरण पादुका मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर बोल्डर और मलबा आने से करीब पांच घंटे तक आवागमन बाधित रहा। हालांकि संबंधित विभागों की ओर से मलबा हटाने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि जनपद की सभी ग्रामीण सड़कें दिनभर सुचारू रहीं और कहीं से भी उनके बंद होने की सूचना नहीं मिली। बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करें तथा संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।