दर्दनाक हादसा: देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, एक लापता
देहरादून। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है और एक 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर उस समय हुआ जब बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। बताया गया कि परिवार हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र का निवासी था और किसी कार्य से यात्रा पर निकला था।
रेस्क्यू अभियान के दौरान एक महिला और एक मासूम बच्ची समेत पांच लोगों के शव बरामद किए गए। वहीं घायल 16 वर्षीय अरहम को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ का अभियान जारी है।
मृतकों की पहचान अफजाल (49), गुफरान (34), सब्बू (40), अनामिया (3) और शादाब (14) के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर गंभीर घायलों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने के भी निर्देश दिए हैं।

