पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, 40 मीटर गहरी खाई में गिरी बाइक, दो युवकों की मौत
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। थल-मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और मालासीमा गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे तीन युवक बाइक से मसमोली की ओर जा रहे थे। बाइक थल बाजार से करीब 4 किलोमीटर आगे पहुंची ही थी कि अचानक सड़क किनारे बने कॉजवे के पास अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि बाइक सीधे करीब 40 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और ग्रामीण तुरंत खाई में उतर गए। लोगों ने युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक दो युवकों की सांसें थम चुकी थीं। हादसे में घायल युवक को तुरंत मुवानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मालासीमा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रदीप ज्याला पुत्र दरपान ज्याला और 19 वर्षीय बॉबी सिंह देउपा पुत्र डिगर सिंह देउपा के रूप में हुई है, जबकि 25 वर्षीय बलवंत भंडारी पुत्र प्रमोद भंडारी को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि प्रदीप और बॉबी दोनों अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। हादसे के समय घरों में परिवार के लोग बेटों के आने का इंतजार कर रहे थे, कहीं खाना बन रहा था तो कहीं शाम की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद गांव में उनके हादसे और मौत की खबर पहुंच गई, जिसके बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जिन माता-पिता ने सुबह अपने बेटों को हंसते हुए घर से विदा किया था, उन्हें शाम को उनकी मौत की खबर मिली। हादसे के बाद पूरे मालासीमा गांव में शोक और मातम का माहौल है।
वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह बाइक खाई में गिरी, वहां सड़क काफी खस्ताहाल है और किनारे किसी तरह के क्रैश बैरियर भी नहीं लगे हैं। बताया जा रहा है कि बाइक बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाए गए कॉजवे से नीचे जा गिरी। लोगों का कहना है कि अगर वहां क्रश बैरियर लगे होते, तो शायद बाइक सीधे खाई में नहीं गिरती और युवकों की जान बच सकती थी। फिलहाल थल थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है, वहीं ग्रामीणों ने खतरनाक जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सड़क की हालत सुधारने की मांग उठाई है।

