UK board 10th topper 2026: रामनगर के अक्षत बने हाईस्कूल टापर गणित विज्ञान में मिले 100 अंक
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। रिजल्ट जारी होते ही लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म हुआ और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल देखा गया। बोर्ड ने परिणाम के साथ टॉपर लिस्ट और 25 अभ्यर्थियों की मेरिट सूची भी सार्वजनिक की है, जिससे मेधावी छात्रों की उपलब्धियां सामने आई हैं।
इस वर्ष परीक्षा में अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक प्राप्त कर 98.20 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया है। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत ने अपने शानदार प्रदर्शन से यह साबित किया कि निरंतर मेहनत और अनुशासन सफलता की कुंजी है। खास बात यह रही कि उन्होंने गणित और विज्ञान जैसे विषयों में शत-प्रतिशत अंक अर्जित किए। अक्षत ने हिंदी में 98, अंग्रेजी में 97, गणित और विज्ञान में 100-100 जबकि सामाजिक विज्ञान में 96 अंकों अंक हासिल किए हैं।

दूसरे स्थान पर ईशांत कोठारी और भूमिका ने संयुक्त रूप से जगह बनाई। दोनों ने 490 अंक प्राप्त कर 98.00 प्रतिशत हासिल किए। ईशांत चिन्यालिसौड़ उत्तरकाशी के एसवीएम इंटर कॉलेज के छात्र हैं, जबकि भूमिका नैनीताल जिले के खैरना स्थित जीबी पंत इंटर कॉलेज की छात्रा हैं।
तीसरे स्थान पर योगेश जोशी रहे, जिन्होंने 489 अंक के साथ 97.80 प्रतिशत प्राप्त किए। वे बागेश्वर के विवेकानंद विद्यालय मंडलसेरा के छात्र हैं। वहीं चौथे स्थान पर शशांक पुरोहित ने 486 अंक (97.20 प्रतिशत) हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
टॉप रैंक हासिल करने वाले छात्रों के प्रदर्शन का विश्लेषण करें तो स्पष्ट होता है कि हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे मुख्य विषयों में उनकी गहरी पकड़ रही है। विशेष रूप से गणित और विज्ञान में उच्चतम अंक इस बात का संकेत हैं कि छात्रों ने अवधारणात्मक समझ पर विशेष ध्यान दिया।

