उत्तराखण्डबनबसा

बनबसा से नेपाल सीमा तक बनने वाली सड़क पर हाथियों के लिए बनेंगे अंडरपास, कुमाऊं में पहली बार होगा ऐसा

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की ओर से बनबसा में जगबूड़ा से नेपाल सीमा (चांदनी दोधारा) तक बनाई जाने वाली चार किमी लंबी सड़क पर अंडर पास भी बनाए जाएंगे। अंडरपास वन्यजीवों खासकर हाथियों के अबाध आवागमन के मद्देनजर बनाए जा रहे हैं। एनएचएआई के अधिकारियों का दावा है कि कुमाऊं में पहली बार वन्यजीवों के मूवमेंट के लिए अंडर पास बनेगा। इस महत्वाकांक्षी योजना की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। नेपाल सरकार चांदनी दोधारा में ड्राईपोर्ट बनवा रही है। इस ड्राईपोर्ट को भारत से जोड़ने के लिए एनएचएआई बनबसा से नेपाल सीमा तक चार किलोमीटर फोरलेन सड़क बनाने जा रहा है। एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार शारदा नदी पर पुल भी बनेगा। रेलवे ओवरब्रिज भी तैयार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि यहां पर एक संयुक्त जांच चौकी (इमिग्रेशन, वन, पुलिस, एसएसबी और कस्टम) भी बनाई जाएगी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेंद्र शर्मा के अनुसार वन्यजीवों के मूवमेंट के लिए अंडर पास भी बनाया जाएगा। सात सौ पचास मीटर की लंबाई में 25 जगहों पर अंडर पास बनाने की योजना है। संबंधित कार्य को 18 महीने पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

योजना पर 225 करोड़ खर्च होंगे
रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट कहते हैं कि आवागमन को और बेहतर और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। नेपाल सीमा तक महत्वपूर्ण सड़क बनाने की दिशा में कार्य प्रस्तावित है, इस योजना पर 225 करोड़ खर्च होंगे। यह कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से संभव हो पाया है। बागेश्वर-टनकपुर रेलवे लाइन के लिए फाइनल लाइन सर्वे का काम चल रहा है, जिसके दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

Ad Ad
Ad Ad