पश्चिम बंगाल की महिला की चम्पावत में हुई संदिग्ध मौत, पुलिस ने शव कब्जे में लिया
चम्पावत। पश्चिम बंगाल की एक 20 वर्षीय विवाहिता की चम्पावत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिथौरागढ़ जाते वह यहां अपने रिश्तेदार के घर रुकी थी, तभी अचानक तेज पेट दर्द होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। विवाहिता ने उपचार के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार सानिया खातून पत्नी अजहरूद्दीन निवासी उमीरमौड़ा थाना चंडीटाड़ जिला हुगली (पश्चिम बंगाल) पिथौरागढ़ में पति के साथ रहती थी। 14 दिसंबर को बंगाल से पिथौरागढ़ जाते हुए चम्पावत में मौसी के घर रुकी। रविवार तड़के अचानक तेज पेट दर्द शुरू हो गया। जिला अस्पताल ले जाते समय बेहोश हो गई, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. हीरा सिंह ह्यांकी ने बताया कि सानिया को बेहोश अवस्था में लाया गया था। पेट दर्द व बुखार की हिस्ट्री थी। सूचना पर तहसीलदार बृजमोहन आर्य व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉ. ह्यांकी ने कहा कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


