देहरादूननवीनतमहादसा

हाथी के हमले में घायल महिला की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश; सोलर फेंसिंग की मांग तेज

ख़बर शेयर करें -

सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अंजली गुप्ता दूध लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में हाथी ने उन पर हमला कर दिया

देहरादून। थानों क्षेत्र के धन्याड़ी गांव, बड़ासी ग्रांट में सोमवार शाम हाथी के हमले में घायल हुई महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। मृतका की पहचान अंजली गुप्ता (40 वर्ष) के रूप में हुई है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अंजली गुप्ता दूध लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही प्रभु लाल बहुगुणा, अश्वनी बहुगुणा समेत थानों रेंज के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए सीएमआई अस्पताल, देहरादून भेजा गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दिन में खेतों में घूमता दिखाई दिया था हाथी

ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले दिन में हाथी सौड़ा सरोली क्षेत्र के खेतों में घूमता दिखाई दिया था। हाथी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बावजूद शाम को हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्र में इस तरह की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

सोलर फेंसिंग की मांग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही को देखते हुए लंबे समय से सोलर फेंसिंग लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत प्रधान राहुल मनवाल के साथ ग्रामीणों ने 15 जनवरी को थानों में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में डोईवाला एसडीएम और डोईवाला विधायक के समक्ष भी सोलर फेंसिंग की मांग उठाई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि मांग के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए गए। बड़ासी ग्रांट के ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने महिला की मौत पर गहरा आक्रोश जताते हुए क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से सुरक्षा उपाय किए जाने और सोलर फेंसिंग की मांग को जल्द पूरा करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा बड़ा सवाल बन गई है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।