स्कूटी सवार युवकों को टक्कर मारने और मारपीट के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भाजपा नेता पारस चुघ निष्कासित
रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर स्कूटी सवार युवकों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और इसके बाद मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में भाजपा नेता पारस चुघ का नाम सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने पारस चुघ को मंडल महामंत्री पद से पदमुक्त करने के साथ ही पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पारस चुघ और गिरफ्तार आरोपी सन्नी चुघ सगे भाई बताए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना 7 अगस्त 2026 की रात एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर हुई थी। गांधी कॉलोनी वार्ड नंबर 27 निवासी अंकित पुत्र अशोक ने 8 अगस्त को रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। तहरीर के मुताबिक अंकित का भाई अभिषेक और उसकी बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एलायंस कॉलोनी गेट के पास पीछे से आई स्कॉर्पियो कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर के कारण अभिषेक और जतिन सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ वाहन से उतरा और दोनों के साथ मारपीट की। तहरीर में जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और फोन कर अन्य लोगों को मौके पर बुलाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

11 अगस्त को मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने 8 अगस्त को मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त 2026 को सन्नी चुघ (32), निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
प्रभारी सीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई और टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
भाजपा ने पारस चुघ को पद और पार्टी से हटाया
मामले में भाजपा नेता पारस चुघ का नाम सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने भी कार्रवाई की है। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल के अनुसार, मामले में पारस चुघ का नाम सामने आने के बाद पार्टी हाईकमान और संगठन स्तर पर निर्णय लिया गया।
भाजपा जिला महामंत्री रमेश जोशी की ओर से 10 अगस्त 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि प्रदेश नेतृत्व एवं भाजपा जिला ऊधम सिंह नगर के जिलाध्यक्ष के निर्देशानुसार शहीद भगत सिंह मंडल के मंडल महामंत्री पारस चुघ को उनके वर्तमान दायित्व से पद मुक्त करने के साथ ही पार्टी से निष्कासित किया गया है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
पुलिस की गिरफ्तारी और भाजपा की संगठनात्मक कार्रवाई के बाद मामले को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

