चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत की सड़कें जल्द होंगी गड्ढामुक्त, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें -

एनएच, लोनिवि और पीएमजीएसवाई को पैचवर्क में तेजी लाने के निर्देश, ओवरस्पीड व ओवरलोडिंग पर चलेगा संयुक्त अभियान

चम्पावत। जनपद की सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क निर्माण, मरम्मत, यातायात प्रवर्तन और सुरक्षा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने एनएच, लोनिवि, पीएमजीएसवाई सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं को क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता से मरम्मत और पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ सभी विभागों को अपने मार्गों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग के चिह्नित क्रिटिकल जोन में सुरक्षा संबंधी सुधार समयबद्ध तरीके से करने तथा एनएच के मुआवजा प्रकरणों का नियमानुसार तेजी से निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सड़कों पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने, चेतावनी एवं साइन बोर्ड लगाने, झाड़ियों की कटाई और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। निर्माणाधीन सड़कों पर जरूरत के अनुसार सुरक्षा दीवारें बनाने और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।

ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने एआरटीओ और पुलिस विभाग को ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग सहित यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ नियमित संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन

जिलाधिकारी ने राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को नियमानुसार प्रोत्साहित और पुरस्कृत करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल को समय पर सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए आमजन को भी योजना के प्रति जागरूक किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षित और गड्ढामुक्त सड़कें सुगम आवागमन के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी जरूरी हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि जनपदवासियों और यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक डीएस कप्रवाण, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता, एआरटीओ रिशु तिवारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि हितेश कांडपाल, लोहाघाट के अधिशासी अभियंता मयंक तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।