धारचूला विधायक का आरोप- पूर्व गनर हटाकर नया गनर तैनात करना उनकी हत्या की कोशिश का संकेत
राज्यपाल को भेजे पत्र में कहा- सरकार को उनकी पल-पल की खबर और लोकेशन मिलती रहे, इसलिए नया गनर तैनात किया गया
देहरादून। धारचूला विधायक हरीश धामी ने अपनी सुरक्षा में पूर्व से तैनात गनर को हटाए जाने के मामले में राज्यपाल को पत्र लिखकर दोबारा उसी गनर की तैनाती की मांग की है। विधायक ने पत्र में मुख्यमंत्री और सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनकी सुरक्षा में तैनात गनर को बदलने का निर्णय उनकी हत्या कराने के प्रयास की आशंका पैदा करता है। उन्होंने पूर्व गनर को पुनः तैनात करने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
21 नवंबर 2026 को राज्यपाल को भेजे पत्र में विधायक हरीश धामी ने लिखा है कि उनकी सुरक्षा में पूर्व से तैनात गनर को सरकार ने अचानक बदल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री द्वारा किए गए और किए जा रहे भ्रष्टाचार के मामलों को जनता के बीच उठाने के चलते उनकी सुरक्षा में बदलाव किया गया है। विधायक ने पत्र में दावा किया कि पूर्व गनर को हटाकर नए गनर की तैनाती से स्पष्ट होता है कि मुख्यमंत्री उनकी हत्या कराने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने नए गनर की तैनाती के उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे सरकार को उनकी पल-पल की खबर और लोकेशन मिलती रहेगी तथा उचित मौका मिलने पर उनकी हत्या कराई जा सकेगी। विधायक ने यह भी लिखा कि वर्तमान सरकार का कार्यकाल पूरा होने वाला है और इस समय उनकी सुरक्षा में पूर्व से तैनात गनर को हटाकर नया गनर तैनात करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
हरीश धामी ने राज्यपाल से पूर्व में तैनात गनर को पुनः उनकी सुरक्षा में तैनात कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है। पत्र में उन्होंने कहा कि यदि पूर्व गनर की पुनः तैनाती नहीं की जाती है तो उन्हें नए गनर की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इससे उनकी निजता भंग होने के साथ हत्या कराए जाने की आशंका है। विधायक ने पत्र में भविष्य में उनके साथ किसी अप्रिय घटना या उनकी हत्या होने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और सरकार की होने की बात भी कही है।


