लोहाघाट में निराश्रित गौवंशों का रेस्क्यू, तीन पशुओं को कामधेनु गौशाला भेजा
लोहाघाट/लोहाघाट। नगर क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे निराश्रित एवं बेसहारा गौवंशों के संरक्षण को लेकर नगर पालिका परिषद लोहाघाट ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में पालिका की टीम ने नगर क्षेत्र से तीन निराश्रित गौवंशों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित रूप से हरखेड़ा स्थित मां कामधेनु गौशाला पहुंचाया।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लोहाघाट सौरभ नेगी ने बताया कि पालिका टीम ने सभी गौवंशों को सुरक्षित गौशाला पहुंचाया, जहां उनके लिए भोजन, पानी और उचित आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
पालिका प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य सड़कों पर भटक रहे बेसहारा पशुओं को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही सड़कों पर गौवंशों के जमावड़े के कारण होने वाली संभावित सड़क दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं को रोकना भी अभियान की प्राथमिकताओं में शामिल है।


नगर पालिका की ओर से बताया गया कि निराश्रित गौवंशों के संरक्षण के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान के तहत सड़क पर घूमते पाए जाने वाले बेसहारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।
पालिका प्रशासन ने नगरवासियों से भी अपील की है कि अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें। यदि नगर क्षेत्र में कहीं निराश्रित या बेसहारा गौवंश दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका कार्यालय को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। नगर पालिका का कहना है कि गौवंश संरक्षण के साथ-साथ सुरक्षित यातायात और स्वच्छ एवं व्यवस्थित नगर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

