नवीनतमनैनीतालराजनीति

चीनी की महंगाई के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, राहगीरों को पिलाई फीकी चाय

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। चीनी के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस ने हल्द्वानी में अनोखे अंदाज में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। चीनी के दाम 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिकोनिया चौराहे पर राहगीरों को फीकी चाय पिलाकर महंगाई का विरोध किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।

Ad Ad

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राशन, खाद्य तेल, चीनी समेत कई आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने फीकी चाय को महंगाई के खिलाफ प्रतीकात्मक हथियार बनाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि चीनी वाली चाय आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण अब आम आदमी के लिए चाय में चीनी डालना भी महंगा पड़ रहा है। इसी संदेश को जनता तक पहुंचाने के लिए राहगीरों को फीकी चाय वितरित की गई। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार से बढ़ती महंगाई पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण करने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान तिकोनिया चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के चलते राजनीतिक माहौल भी गरमाया रहा।