चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

सीजनल इन्फ्लुएंजा और श्वसन रोगों को लेकर चम्पावत में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। देश के कुछ राज्यों में सीजनल इन्फ्लुएंजा एवं श्वसन संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बीच चम्पावत में भी स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के सभी चिकित्सालयों में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं, दवाएं और जांच सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इन्फ्लुएंजा और निमोनिया के मामलों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए अस्पतालों में उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। चिकित्सालयों में आवश्यक दवाओं, पीपीई किट, एन-95 मास्क और जांच संबंधी सामग्री का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Ad Ad

ILI और SARI मरीजों की होगी निगरानी

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि जिले के सभी चिकित्सालयों के साथ सामुदायिक स्तर पर भी इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (ILI) और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (SARI) के लक्षण वाले मरीजों की निगरानी की जा रही है।

ऐसे मरीजों का आवश्यक विवरण आईडीएसपी के तहत IHIP पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। SARI के लक्षण वाले मरीजों के नाक और गले के स्वैब नमूनों को जांच के लिए संबंधित केंद्रों में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। किसी क्षेत्र में ILI या SARI के मामलों की क्लस्टरिंग मिलने पर तत्काल जांच और नियंत्रण संबंधी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) को भी सक्रिय रखा है, ताकि किसी भी असामान्य स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आमजन से बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को रूमाल अथवा टिश्यू से ढकें, नियमित रूप से साबुन-पानी से हाथ साफ करें और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचें। बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही दवाओं का सेवन करने की अपील की है।

सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी उपायों का पालन करना बेहद जरूरी है।