चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट महाविद्यालय में छात्र संगठनों के बीच टकराव, मारपीट के आरोप से गरमाया माहौल

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत जिले के लोहाघाट महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर चल रहे आंदोलनों के बीच सोमवार शाम छात्र संगठनों के बीच कथित मारपीट का मामला सामने आया है। एनएसयूआई ने एबीवीपी से जुड़े छात्रों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद महाविद्यालय परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

दरअसल, महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर एनएसयूआई और एबीवीपी दोनों संगठनों का आंदोलन चल रहा है। एनएसयूआई की ओर से महाविद्यालय गेट पर तंबू लगाकर धरना दिया जा रहा है, जबकि एबीवीपी कार्यकर्ता महाविद्यालय परिसर के भीतर आंदोलन कर रहे हैं।

Ad Ad

एनएसयूआई छात्र नेताओं का आरोप है कि सोमवार शाम करीब 6:50 बजे जब वे महाविद्यालय गेट पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे, तभी एबीवीपी से जुड़े करीब 30 से 40 लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान एनएसयूआई के एक छात्र के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे उसकी आंख के पास समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

एनएसयूआई नेताओं के मुताबिक घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी आंख के ऊपर पांच टांके लगाए गए। संगठन का आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने और बाद में देख लेने की धमकियां भी दी गईं।

एनएसयूआई छात्र नेताओं ने बताया कि मामले को लेकर लोहाघाट थाने में नामजद तहरीर दी गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि कथित मारपीट में शामिल कुछ लोग ऐसे भी थे, जिनका महाविद्यालय में दाखिला नहीं है।

एनएसयूआई ने प्रशासन से अपने आंदोलन स्थल पर सुरक्षा उपलब्ध कराने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और महाविद्यालय परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।

फिलहाल घटना को लेकर दोनों छात्र संगठनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। मारपीट की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में किसकी भूमिका रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना भी बाकी है। घटना के बाद लोहाघाट महाविद्यालय का माहौल गरमा गया है और प्रशासन-पुलिस की भूमिका पर भी नजर बनी हुई है।