रुद्रपुर में SIR बैठक के विवाद ने पकड़ा तूल, पूर्व विधायक ठुकराल पर मुकदमा, बेहड़ एसएसपी कार्यालय पर धरने पर बैठे
रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कलेक्ट्रेट में हुई बैठक के दौरान विधायक शिव अरोड़ा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बीच हुआ विवाद अब राजनीतिक और कानूनी टकराव में बदल गया है। मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, ठुकराल की ओर से दी गई तहरीर की भी पुलिस जांच कर रही है।

सोमवार को कलेक्ट्रेट में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में SIR की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान किसी बात को लेकर विधायक शिव अरोड़ा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर विधायक अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए।
विधायक समर्थकों ने पूर्व विधायक पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देर रात सहायक निर्वाचन अधिकारी की तहरीर पर पंतनगर थाने में राजकुमार ठुकराल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद विधायक और उनके समर्थकों ने धरना समाप्त कर दिया।

ठुकराल के आवास पर पहुंची पुलिस टीम
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस की चार गाड़ियां पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के एलायंस कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचीं। बताया गया कि उस समय ठुकराल की पत्नी घर पर मौजूद थीं, जबकि पूर्व विधायक घर पर नहीं थे। पुलिस टीम उनके नहीं मिलने पर वापस लौट गई।
दूसरी ओर, राजकुमार ठुकराल की ओर से भी सिडकुल पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि ठुकराल की शिकायत की जांच की जा रही है।
किच्छा विधायक बेहड़ भी पहुंचे, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
मामले की जानकारी मिलने के बाद किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ भी ठुकराल के आवास पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक के खिलाफ दबाव में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि बिना वारंट के पुलिस पूर्व विधायक के आवास पर दबिश देने कैसे पहुंची। इस दौरान मौके पर पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनने की बात सामने आई है। इसके बाद विधायक तिलक राज बेहड़ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस की कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा।
फिलहाल SIR बैठक से शुरू हुआ विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एक ओर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है, वहीं उनकी ओर से दी गई शिकायत की पुलिस जांच कर रही है। दोनों पक्षों के आरोपों और पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट होगी। मामले ने ऊधमसिंह नगर की सियासत में भी नया राजनीतिक टकराव खड़ा कर दिया है।

