उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

पंतनगर थाने में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ तहरीर, रुद्रपुर विधायक से अभद्रता का आरोप

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पंतनगर थाना पुलिस को उनके खिलाफ तहरीर दी गई है। आरोप है कि कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की मौजूदगी में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के साथ अभद्रता की और हंगामा किया। प्रशासन के निर्देश पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, ऊधमसिंह नगर की ओर से यह तहरीर दी गई है।

दरअसल, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से 24 अगस्त 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई थी।

Ad Ad

पत्र के अनुसार, 24 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

प्रशासन की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बैठक के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और बैठक में हंगामा किया गया। पत्र में कहा गया है कि इस दौरान अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा भी आपत्ति जताई गई और स्थिति बिगड़ने के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से पंतनगर थाने को भेजे गए पत्र में पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब मामले में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। हालांकि, तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल यह मामला रुद्रपुर की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।