उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के 103 पदक विजेताओं को मिलेगी सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात; स्वर्ण पदक विजेताओं को ग्रेड पे 4200, रजत-कांस्य विजेताओं को योग्यता के अनुसार 2000 से 2800 तक का ग्रेड पे
देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का मान बढ़ाने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने 103 पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दिए जाने का रास्ता साफ कर दिया है। सरकार के इस फैसले से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उपलब्धि का सम्मान मिलने के साथ ही सुरक्षित रोजगार का अवसर भी मिलेगा।
प्रावधान के अनुसार स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को ग्रेड पे 4200 की सरकारी नौकरी दी जाएगी, जबकि रजत और कांस्य पदक विजेताओं को उनकी उपलब्धि एवं निर्धारित मानकों के अनुसार ग्रेड पे 2000 से 2800 तक की सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों को उनकी योग्यता और निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पुलिस, शिक्षा, वन, खेल एवं युवा कल्याण समेत विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी जाएगी। सरकार का मानना है कि खेल प्रतिभाओं को रोजगार की सुरक्षा मिलने से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और युवा खेलों को बेहतर करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
राज्य सरकार की ओर से खेल सुविधाओं के विस्तार, बेहतर प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर शानदार प्रदर्शन किया था। अब पदक विजेताओं को सरकारी सेवा से जोड़ने की पहल से प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। सरकार का यह कदम नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

