रुपयों के लेन-देन में हुई पूर्व उप ब्लाक प्रमुख की हरदीप सिंह की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार
काशीपुर हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा; मुख्य आरोपी ने मारी गोली, पत्नी पर साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने की साजिश में शामिल होने का आरोप
काशीपुर। काशीपुर क्षेत्र में हुए पूर्व उप ब्लाक प्रमुख हरदीप सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह रुपयों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने मंगलवार को मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 को रजविन्दर कौर पत्नी सुखदेव सिंह, निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर ने कोतवाली काशीपुर में सूचना दी कि उनके पुत्र हरदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी गुलजारपुर कुण्डेश्वरी, की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संदीप सिंह ने अपनी पत्नी और मां की मौजूदगी में हरदीप सिंह को गोली मारी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया और धारा 103(1), 238, 61(2) बीएनएस तथा 30 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के खुलासे के लिए गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन छानबीन करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की तथा वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने संदीप सिंह उर्फ सोना पुत्र सुरजीत सिंह (40 वर्ष), निवासी गौरा फार्म, थाना कुण्डा को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया। वहीं उसकी पत्नी संदीप कौर पत्नी संदीप सिंह उर्फ सोना (35 वर्ष) को हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने के षडयंत्र में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और कार बरामद की गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक सौरभ कुमार, उप निरीक्षक गोविन्द मेहता, उप निरीक्षक मनोज देव, उप निरीक्षक सोनू सिंह, उप निरीक्षक नवीन चन्द्र जोशी, अपर उप निरीक्षक रविश राम समेत कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार, संजय कुमार, गणेश मेहरा, भरत बिष्ट, राजीव कुमार और राजकुमार शामिल रहे।

