सीएम धामी और पीएम मोदी के जन्मदिन पर चम्पावत में होंगे 12 कार्यक्रम
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 16 सितंबर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनपद में क्रमवार 12 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर अभियान की रूपरेखा पत्रकारों के समक्ष रखी।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने बताया कि अभियान के तहत 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों और मंदिरों में पूजा-अर्चना, हवन-यज्ञ सहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों और महिला समूहों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गड़कोटी के संचालन में हुई प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महरा, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता शंकर दत्त पांडेय, मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर समेत जिले के पत्रकार मौजूद रहे।

