उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को केवल पोर्टल पर बंद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। जिन जिलों में जिस प्रकृति की शिकायतें अधिक मिल रही हैं, वहां जिलाधिकारी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को तहसीलों का औचक निरीक्षण करने तथा दाखिल-खारिज के मामलों की समयबद्धता और भूमि धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही स्वच्छ पेयजल को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए पाइपलाइन और सीवर लाइनों का 15 दिन के भीतर ऑडिट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। पेयजल आपूर्ति में लीकेज और व्यवधान का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Ad Ad

मुख्यमंत्री ने 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के साथ-साथ 180 दिन से अधिक पुराने मामलों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों को अनावश्यक रूप से ‘स्पेशल क्लोज’ या ‘फोर्स क्लोज’ नहीं करने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को निस्तारण का महत्वपूर्ण आधार बनाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कई शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने चिकित्सा प्रतिपूर्ति, परित्यक्ता पेंशन, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और छात्रवृत्ति से संबंधित मामलों में अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डीजीपी दीपम सेठ समेत विभागीय अधिकारी और सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।