पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों ने थामा भाजपा का दामन
महेंद्र भट्ट बोले- जॉइनिंग की रफ्तार भाजपा की सुनामी का संकेत, सर्वे में भी दिख रहा माहौल
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन जनपद चम्पावत में भाजपा ने संगठनात्मक रूप से बड़ी बढ़त का दावा किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल समेत 31 जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित जॉइनिंग कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों का फूलमाला एवं पार्टी पटका पहनाकर स्वागत किया।
इस मौके पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, खासकर युवाओं का भाजपा से जुड़ना प्रदेश में पार्टी के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही जॉइनिंग से प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल स्पष्ट दिखाई दे रहा है और अब यह निजी समाचार संस्थानों के सर्वे में भी प्रतिबिंबित होने लगा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12-14 वर्षों में देश और प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। दूर-दराज के गांवों तक सड़कें पहुंची हैं, बिजली की सुविधाएं विस्तारित हुई हैं और आमजन को विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिला है। उनके मुताबिक जनप्रतिनिधि भी अपने क्षेत्रों में विकास चाहते हैं और इसी कारण वे विकास के साथ खड़े होने वाली सरकार के साथ जुड़ रहे हैं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने कहा कि चम्पावत के लोगों ने पुष्कर सिंह धामी जैसा नेतृत्व राज्य को दिया है और यह नेतृत्व आगे चलकर देश का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल है और पार्टी आगामी चुनाव में दो-तिहाई बहुमत की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों को भाजपा की विचारधारा, सिद्धांतों और सांगठनिक कार्यपद्धति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं के सम्मान की चिंता संगठन का दायित्व है। उनकी क्षमता, उपलब्धता और परिस्थितियों के अनुसार उन्हें संगठनात्मक एवं चुनावी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

चम्पावत जिला पंचायत अध्यक्ष की प्रेरणा से जॉइनिंग
भाजपा के अनुसार चम्पावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की प्रेरणा से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल और प्राथमिक शिक्षक संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इनके अलावा बलराज पाटनी, नवल पचौली, दीपक गहतोड़ी, राजेंद्र बोहरा, राहुल गहतोड़ी, भगवती प्रसाद जोशी, ललित सिंह पाटनी, प्रकाश चंद्र शर्मा, संजय सिंह पाटनी, दीपक सिंह, तनुज सिंह बिष्ट, डूंगर सिंह पार्थोली, योगेश जोशी, मोहन सिंह, अंकित सिंह कुंवर, पवन राम, पुष्कर सिंह, चंद्रकांत तिवारी, त्रिलोक सिंह सामंत, कमल कुंवर, नैन राम, दीपक सिंह बोहरा, हरीश राम, सुरेंद्र राम, विनोद सिंह बोहरा, हरीश कुमार, पुष्कर धौनी, चंचल सिंह अधिकारी और मदन सिंह समेत अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें नगर पंचायत एवं नगर पालिका के सभासद, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व ग्राम प्रधान, पूर्व छात्र संघ एवं युवा कांग्रेस पदाधिकारी, छात्र नेता तथा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

