लोहाघाट में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 96 पाउच माल्टा शराब बरामद
लोहाघाट/चम्पावत। शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लोहाघाट पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए 96 पाउच टेट्रा मार्का माल्टा देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 14 सितंबर को क्षेत्राधिकारी चम्पावत के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष लोहाघाट ओम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुल्ला रोड के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 96 पाउच टेट्रा मार्का माल्टा देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब जब्त करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय मेहता पुत्र भगवान सिंह, निवासी ग्राम पुल्ला रोड, थाना लोहाघाट, जनपद चम्पावत, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह, अपर उप निरीक्षक संजय जोशी, कांस्टेबल पवन भट्ट, कांस्टेबल हरजीत तथा कांस्टेबल गोताखोर गगन शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा तस्करी में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

