उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल: 12 अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के ASP बदले
देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और टिहरी में बदली पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी, शासन ने जारी किए तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड शासन के गृह अनुभाग-1 ने प्रांतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों के स्थानांतरण/तैनाती के आदेश जारी किए हैं। शासनादेश 14 सितंबर 2026 को जारी किया गया है। आदेश के अनुसार अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से स्थानांतरित कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची में प्रमुख रूप से प्रमोद कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर, देहरादून से अपर पुलिस अधीक्षक नगर, रुद्रपुर भेजा गया है। वहीं स्वतंत्र कुमार सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर, देहरादून से अपर पुलिस अधीक्षक देहात-2, देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।

मनोज कत्याल को अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, नैनीताल से उपसेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर भेजा गया है। उत्तम सिंह नेगी को अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर से अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर, देहरादून बनाया गया है।
इसी क्रम में हरवंश सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा से अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, नैनीताल तथा शेखर चन्द्र सुयाल को अपर पुलिस अधीक्षक देहात, हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक नगर, देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अनुपा बडोला को अपर पुलिस अधीक्षक एटीसी, हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, ऊधमसिंहनगर भेजा गया है। अमित कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक नैनीताल से अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी की जिम्मेदारी मिली है।
वहीं राजेश कुमार भट्ट को पुलिस अधीक्षक सतर्कता, मा. उच्च न्यायालय, उत्तराखंड, नैनीताल से अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। मिथिलेश कुमार सिंह को उपसेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी से पुलिस अधीक्षक सतर्कता, मा. उच्च न्यायालय, उत्तराखंड, नैनीताल भेजा गया है।
इसके अलावा अभय सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ग्रामीण तथा दीपक सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी से अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नगर बनाया गया है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और कार्यभार प्रमाणक की प्रति पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

