बाराकोट के 32 वर्षीय युवक की पीलिया बिगड़ने से मौत, क्षेत्र में शोक
बाराकोट/चम्पावत। बाराकोट निवासी 32 वर्षीय मंजुल शर्मा की पीलिया बिगड़ने से मौत हो गई। उनका उपचार चल रहा था और परिजन उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहे थे। चम्पावत के निकट अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को बाराकोट लाया गया, जिसके बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

कर्मचारी नेता एवं बाराकोट निवासी नगेंद्र कुमार जोशी ने बताया कि सेवानिवृत्त प्रवक्ता भुवन चंद्र शर्मा के छोटे पुत्र मंजुल शर्मा पिछले कुछ दिनों से पीलिया से पीड़ित थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले जा रहे थे। इसी दौरान चम्पावत के पास उनकी तबीयत गंभीर हो गई। बताया गया कि करीब दो वर्ष पूर्व भुवन चंद्र शर्मा के एक अन्य पुत्र की भी कार दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिवार में दो वर्षों के भीतर दूसरी संतान की मौत से क्षेत्र में शोक की स्थिति है।
मंजुल शर्मा के निधन पर पूर्व ग्राम प्रधान एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजेश अधिकारी, लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नागेंद्र जोशी, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी, पूर्व ब्लॉक उप प्रमुख नंदा बल्लभ बगौली, व्यापार संघ अध्यक्ष संजय वर्मा समेत देवेंद्र सिंह अधिकारी, रमेश चंद्र जोशी, जगदीश सिंह अधिकारी, आनंद शर्मा, केदार सिंह अधिकारी, कृष्ण सिंह अधिकारी, प्रकाश सिंह अधिकारी, नवीन सिंह अधिकारी, जितेंद्र सिंह अधिकारी, रिंकू अधिकारी, राकेश सिंह बोहरा, नमन जोशी और नवीन चंद्र जोशी सहित क्षेत्रवासियों ने शोक व्यक्त किया है।

