उत्तराखण्डखेलदेहरादूननवीनतम

देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का शुभारंभ, सीएम धामी ने खिलाड़ियों का किया स्वागत

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत किया। प्रतियोगिता 20 अगस्त तक चलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इससे उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों को बधाई दी।

Ad Ad

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति वातावरण में व्यापक बदलाव आया है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है और भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से आधुनिक खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है, जिसके चलते अब उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर कार्य चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिया जा रहा है। प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा-प्रशिक्षण समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर, एडवेंचर, विंटर और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।