उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

राहुल गांधी ने दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता से की मुलाकात, बोले- चार साल बाद भी न्याय का इंतजार

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड की चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के पीड़ित माता-पिता से दिल्ली में मुलाकात की। यह मुलाकात दो दिन पहले हुई थी, जिसकी जानकारी राहुल गांधी और कांग्रेस ने 15 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए साझा की। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह अंकिता भंडारी के परिवार से दो दिन पहले मिले। उन्होंने कहा कि घटना को चार साल बीत चुके हैं, लेकिन परिवार आज भी न्याय का इंतजार कर रहा है। राहुल गांधी ने अंकिता के परिवार को हरसंभव कानूनी मदद का भरोसा भी दिया।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि 19 वर्षीय अंकिता वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं और एक कथित वीआईपी मेहमान की मांग का विरोध करने के कारण उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने रिजॉर्ट में अंकिता के कमरे को जांच से पहले ध्वस्त किए जाने पर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर कथित वीआईपी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए भाजपा और आरएसएस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समानता और न्याय मिलने तक देश वास्तविक रूप से आगे नहीं बढ़ सकता।

Ad Ad

करीब 45 मिनट तक हुई राहुल गांधी और अंकिता के माता-पिता की बातचीत

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के मुताबिक राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से अकेले में करीब 45 मिनट तक बातचीत की। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान कांग्रेस के अन्य नेता बाहर मौजूद रहे। राहुल गांधी ने परिवार को हर तरह की कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

जून में नहीं हो पाई थी मुलाकात

दरअसल, राहुल गांधी 6 जून 2026 को उत्तराखंड दौरे पर आए थे। इस दौरान उनका पौड़ी गढ़वाल जाने का कार्यक्रम भी था, जहां अंकिता भंडारी के माता-पिता से उनकी मुलाकात होनी थी। हालांकि खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका और वह पौड़ी नहीं पहुंच पाए। उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने फोन पर अंकिता के माता-पिता की राहुल गांधी से बातचीत कराई थी। बताया गया कि राहुल गांधी ने उस दौरान उनसे कहा था कि वे जब चाहें दिल्ली आकर उनसे मिल सकते हैं। इसके बाद अंकिता के माता-पिता ने दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी से मुलाकात की।

2022 में हुई थी अंकिता भंडारी की हत्या

पौड़ी गढ़वाल के डोभ (श्रीकोट) गांव की रहने वाली अंकिता भंडारी यमकेश्वर ब्लॉक स्थित वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी। मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्या और उसके दो कर्मचारियों अंकित गुप्ता तथा सौरभ भास्कर पर हत्या का आरोप लगा था। पुलिस जांच के अनुसार 18 सितंबर 2022 को अंकिता को रिजॉर्ट से बाहर ले जाया गया था। इसके बाद 23 सितंबर को उनका शव चीला नहर से बरामद हुआ। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने पुलकित आर्या, अंकित और सौरभ को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।

कथित ऑडियो के बाद फिर सुर्खियों में आया मामला

हाल के दिनों में भाजपा के पूर्व विधायक और फिलहाल पार्टी से निष्कासित सुरेश राठौर तथा अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच कथित फोन बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद अंकिता हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आया। ऑडियो में मामले का जिक्र होने के बाद कांग्रेस ने कथित तौर पर मामले से जुड़े अन्य आरोपों और ‘वीआईपी’ की पहचान को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। कांग्रेस की ओर से मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने की मांग भी लगातार उठाई जाती रही है। राहुल गांधी की अंकिता के माता-पिता से मुलाकात के बाद इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है।