चम्पावत : टैक्सी चालक से मारपीट और वीडियो वायरल करने वाले मामले में एक मुख्य आरोपी गिरफ्तार
चम्पावत/लोहाघाट। थाना लोहाघाट क्षेत्र के अंतर्गत देवराड़ी बैण्ड के पास एक टैक्सी चालक के साथ हुई मारपीट, अभद्रता और मोबाइल फोन छीनने के मामले में चम्पावत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस घटना के वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए थे। पीड़ित की तहरीर पर लोहाघाट थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी चम्पावत निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और लोहाघाट के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
विशेष पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए 13 जून 2026 को नामजद अभियुक्त हरीश सिंह बोहरा (28 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय सुंदर सिंह बोहरा, निवासी ग्राम चौड़ी रमैला (थाना तामली, जनपद चम्पावत) को जनपद नैनीताल के नौकुचियाताल स्थित ‘होटल मोनाल मीडोज लग्जरी विला इन’ के पार्किंग क्षेत्र से धर दबोचा। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सोनिका जोशी, अपर उपनिरीक्षक संजय जोशी और हेड कांस्टेबल रविन्द्र शर्मा शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी से फिलहाल सघन पूछताछ की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य नामजद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई के साथ ही चम्पावत पुलिस ने जनता को कड़ा संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेना, सार्वजनिक रूप से किसी को अपमानित करना, जातिसूचक टिप्पणियां करना या सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना एक गंभीर व दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाएगी।

